उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव प्रचार के दूसरे दिन तीन जनसभा की। उन्होंने खैर से सुरेंद्र दिलेर, सीसामऊ से सुरेश अवस्थी व करहल से अनुजेश यादव के पक्ष में वोट मांगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खैर में कहा कि एएमयू में पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति को आरक्षण की सुविधा का लाभ क्यों नहीं मिलता।
करहल में अखिलेश का नाम लिये कहा कि बबुआ अभी बालिग नहीं हुआ है। आज स्व. मुलायम सिंह यादव को भी कष्ट हो रहा होगा कि उनका सपूत सपा को कांग्रेस के पास गिरवी रखकर पार्टी का सत्यानाश करने पर उतारू है। वहीं, सीसामऊ की जनसभा में कहा कि कानपुर का दंगाई और रामपुर में जमीन कब्जाने वाला जेल में है, लेकिन सपा इन्हें निर्दोष मानती है। यहां उन्होंने कटेंगे तो बटेंगे और एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे का नारा भी दोहराया।

सीएम योगी ने करहल में कहा कि अखिलेश का आचरण अपने पिता व सपा संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव की भावनाओं के विरुद्ध है। बबुआ अभी बालिग नहीं हुआ है, इसलिए कभी-कभी ऐसा काम कर देता है, जिससे मैनपुरीवालों के सामने भी संकट खड़ा हो जाता है। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी रामद्रोही है। वे राममंदिर का दर्शन करने नहीं गए, क्योंकि उन्हें लगता था कि वोटबैंक खिसक जाएगा। करहलवासी उनसे कहें कि आप कृष्ण-कन्हैया का सम्मान नहीं कर सकते तो हमारा वोट लेने क्यों आते हैं। हम आपसे बॉय-बॉय करते हैं। भाजपा ने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। हमने करके दिखा दिया। श्रीकृष्ण-कन्हैया हम आएंगे, मथुरा में भी जनभावना का सम्मान कराएंगे, क्या सपा इस पर सहमत है।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में निषाद बेटी और कन्नौज में सपा नेता के कृत्य किसी से छिपे नहीं हैं। लोकसभा चुनाव में इनका झूठ एक्सपोज हो गया। इनसे पूछिए कि खटाखट-खटाखट के एक-एक लाख रुपये कहां हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खैर में कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम के जरिए जनता ने जवाब दे दिया कि वह डबल इंजन सरकार को चाहती है। अलीगढ़ के जिस राजा महेंद्र प्रताप सिंह को कांग्रेस ने भुला दिया था, हम लोगों ने उनके नाम पर राज्य विश्वविद्यालय बनाया है। यह विश्वविद्यालय आपकी कई पीढ़ियों को बनाएगा।

