महापौर प्रमिला पांडेय ने वर्ष के अंतिम दिन नगर निगम की उपलब्धियां गिनाई। नगर निगम मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने कहा कि वर्ष-2025 में शहर को कई सौगात मिलेगी। महापौर ने कहा कि शहर के अंदर हर घर से कूड़ा उठान को लेकर व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। अब नगर निगम के सभी 6 जोनों में जोनवार डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था शुरू होगी। इसके लिए 6 अलग-अलग प्राइवेट कंपनियों को काम दिया जाएगा। जो सिर्फ एक जोन में ही काम करेंगी। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठान व्यवस्था की मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी। इससे कंपनियों के कार्यों का मूल्यांकन अलग-अलग हो सकेगा।
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि 414 करोड़ रुपये की वसूली के सापेक्ष 250 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली नगर निगम ने कर ली है। शेष आने वाले वर्ष में वित्तीय वर्ष से पहले ही पूरी कर ली जायेगी। हमने डेढ़ वर्ष में 1855 सड़कों का निर्माण किया। वहीं, 150 किमी. सड़क के गड्ढे भरे। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत नालों को पक्का किया, छतमरा और मंगला विहार में तालाब को पक्का किया। 251 घंटे निरंतर सफाई में नगर निगम को आवार्ड मिला। पूरे शहर में 7 नलकूप, 2 मिनी नलकूप, 14 नलकूप रिबोर किये। 40 किमी. में नई पाइपलाइन डाली गई।
33 किमी. में नई सीवर लाइन डाली गई। कागजी मोहाल में संपवेल का स्थापित किया गया इससे 7 वार्डों को फायदा होगा। महापौर ने बताया कि 4811 मैनेहोल के ढक्कन भी लगाए गए। 5 हजार ढक्कनों को रिपेयर किया गया। 2 हजार सीवर चैंबर बनाए। स्मार्ट सिटी के तहत जो कार्य हुये उससे शहर और नगर निगम का मान बढ़ा है। महापौर ने बताया कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कानपुर में खुले में बने कूड़ा घरों को खत्म किया गया। शहर में 68 पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन बनाए गए। इसके अलावा 31 अंडरग्राउंड डस्टबिन का निर्माण किया गया। इस वर्ष स्वच्छता के लिए कानपुर को देश में 18वां और प्रदेश में 5वां स्थान मिला।
महापौर ने कहा कि 2025 में महिला मार्केट प्रोजेक्ट पूरा होगा। चुन्नीगंज कन्वेंशन सेंटर, फूलबाग श्याम महोत्सव पंडाल, कलेक्ट्रेट में मल्टी लेवल पार्किंग और हैलट में आई बैंक, जाजमऊ सोलर प्लांट की सौगात नये वर्ष में जनता को मिलेगी।

