Kanpur: अब हर चौराहों पर लगेंगे सायरन, खतरे पर एक साथ बजेंगे, पढ़िए पूरी खबर

0
291

भारत-पाक के बीच गुरुवार की रात शुरू हो गए हमलों के बाद पुलिस ने अब सुरक्षा का पुख्ता प्लान तैयार किया है। सायरन बजते ही तुरंत घर, दुकान, कार्यालय, प्रतिष्ठानों और अन्य जगहों की लाइटें बुझा दी जाएंगी, जबकि चालक अपने वाहनों के इंजन भी बंद कर देंगे।

इससे दुश्मनों को आवासीय क्षेत्रों की लोकेशन बिल्कुल भी नहीं मिल सकेगी। और इस व्यवस्था के लिए शहर में वन बटन ऑपरेशन की व्यवस्था होने जा रही है, जिसमें एक साथ शहर भर में सायरन की आवाज आएगी।

इसे एक स्थान से संचालित भी किया जाएगा। सायरन सभी प्रमुख चौराहों पर लगाने की तैयारी है। इन सायरन को खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

ब्लैकआउट के दौरान सरकारी प्रतिष्ठानों में लाइटें, निजी कंपनियों के डिस्प्ले बोर्ड, सोलर लाइटें नहीं बुझाई जा सकी थीं।

मोबाइल कंपनियों के टावरों में रेड लाइट जल रही थी। पुलिस ने मोबाइल कंपनियों के अफसरों से रेड लाइट बंद करने की व्यवस्था करने को कहा है।

साथ ही ब्लैकआउट के दौरान यदि केस्को शट डाउन करता है तो हॉस्पिटल में बैकअप की व्यवस्था की जाएगी। जिससे कि ऑपरेशन का बैकअप पहले से मौजूद हो। अस्पताल में चौतरफा ब्लैक पन्नी लगाई जाए।

यहां लाइट बाहर न दिखाई दे। एंबुलेंस के आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर की भी व्यवस्था पहले से की जाएगी।

इतना ही नहीं एंबुलेंस, खाद्य वाहन, गैस सिलेंडर, दुग्ध वाहनों की हेड लाइट को आधा पेंट किया जाएगा। इससे उनकी रोशनी ऊपर न जाकर नीचे सड़क पर दिखाई दे।

वहीं केस्को के अधिकारियों से मिलकर पूरे शहर की बिजली आपूर्ति को एक साथ शटडाउन करने की व्यवस्था भी की जा रही है। घरेलू मीटर की ग्रीन लाइट को टेप लगाने की तैयारी भी चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here