कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के 4.10 किमी अंडरग्राउंड सेक्शन का काम तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को रावतपुर से कंपनी बाग की दिशा में निर्माणाधीन कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक लगभग 620 मीटर लंबे स्ट्रेच के डाउनलाइन टनल का निर्माण पूरा हो गया। ‘सरस्वती’ टीबीएम मशीन ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच यह ब्रेकथ्रू हासिल किया। इस स्ट्रेच में अब ‘अप-लाइन’ और ‘डाउनलाइन’ टनल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इससे पहले ‘गोमती’ ने ‘अप-लाइन’ टनल का निर्माण पूरा किया था।
कानपुर मेट्रो ने हाल ही में कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के अंतर्गत मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवाओं के विस्तार का शुभारंभ किया है। इससे शहर के अंदर यात्रा पहले से कहीं अधिक सुगम और सुविधाजनक हो गई है। दूसरे कॉरिडोर में ‘सरस्वती‘ टनल बोरिंग मशीन ने 24 फरवरी 2025 को रावतपुर मेट्रो स्टेशन के निकट स्थित लॉन्चिंग शाफ्ट से टनल निर्माण का कार्य शुरू किया था। इस मशीन के कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक पहुंचने के साथ ही कानपुर मेट्रो ने कॉरिडोर-2 के अंतर्गत अपने अंडरग्राउंड टनल निर्माण का एक अहम पड़ाव पूरा कर लिया है। रिट्रीवल शाफ्ट तक पहुंचने के दौरान मशीन ने कुल 441 रिंग्स लगाए हैं।
रावतपुर से डबल पुलिया की तरफ भी टनल निर्माण जारी
मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि रावतपुर से काकादेव होते हुए डबल पुलिया रैंप तक टनल निर्माण का कार्य तेजी से बढ़ रहा है। ‘गोमती’ और ‘पार्वती’ टीबीएम मशीन इस स्ट्रेच पर ‘अप-लाइन’ और ‘डाउनलाइन’ पर टनल निर्माण कर रहीं हैं। ये टीबीएम मशीनें जमीन के अंदर ही अंदर काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन होते हुए डबल पुलिया रैंप तक टनल का निर्माण करेंगी। कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में टनल निर्माण के लिए तीन टीबीएम मशीनों ‘गोमती’, ‘सरस्वती’ और ‘पार्वती’ का प्रयोग किया जा रहा है।
8.60 किमी. लंबा है कॉरिडोर-2
8.60 किमी. लंबे कॉरिडोर-2 के अंतर्गत लगभग 4.10 किमी लंबे अंडरग्राउंड और लगभग 4.50 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण किया जा रहा है। कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया तीन स्टेशन हैं। वहीं, इस कॉरिडोर के एलिवेटेड सेक्शन के स्टेशनों की संख्या पांच है, जिसमें सीएसए (कृषि विश्वविद्यालय), विजयनगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 शामिल है।
डिपो रैंप से अंडरग्राउंड होगी ट्रेन
ट्रेन पहले एलिवेटेड स्टेशन, सीएसए से रवाना होने के बाद रावतपुर से लगभग 650 मीटर पहले पड़ने वाले कॉरिडोर-2 डिपो रैंप से अंडरग्राउंड हो जाएगी। इसके बाद तीन स्टेशन; रावतपुर, काकादेव व डबल पुलिया अंडरग्राउंड होंगे। डबल पुलिया रैंप से बाहर निकलकर ट्रेन विजयनगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 होते हुए बर्रा-8 तक जाएगी। रावतपुर स्टेशन कॉरिडोर-1 और 2 को जोड़ने वाला अहम स्टेशन होगा जिसके लिए वर्तमान एलिवेटेड स्टेशन के पास ही अंडरग्राउंड स्टेशन के निर्माण का कार्य भी चल रहा है।

