न्यूज़लिंक हिंदी। गाजा के अस्पताल में हुए हमले में करीब 500 लोग मारे गए हैं, ये दावा हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से किया गया है. अस्पताल परिसर में वो लोग मौजूद थे जो पहले से घायल और विस्थापित थे. उन्होंने कहा कि इजरायल की तरफ से हुए हमले के बाद लोगों में काफी गुस्सा है.
अरब देशों ने ठहराया जिम्मेदार..
संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और मोरक्को तीनों देशों ने अल-अहली अस्पताल पर बमबारी की निंदा की है और हमले के लिए इजरायल को दोषी ठहराया है। हालांकि, इजरायल अस्पताल पर बमबारी के दावों को खारिज कर दिया है। आपको बता दें कि तीनों अरब देशों के साथ इजरायल के संबंध हाल के दिनों में सही हुए हैं।
मामले से जुड़ी अहम जानकारियां :
- इजरायली सेना का कहना है, “हमारे पास कई सोर्स से आई खुफिया जानकारी से पता चला है कि गाजा अस्पताल पर हमला करने के लिए इस्लामिक जिहाद जिम्मेदार है.” प्रवक्ता डैनियल हगारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमले के समय इजरायल का गाजा के अस्पताल के पास कोई हवाई अभियान नहीं चला रहा था और हमले के लिए जिन रॉकेटों का इस्तेमाल किया गया था, वे उनके उपकरणों से मैच नहीं करते हैं.
- हमास सपोर्टर इस्लामिक जिहाद के बयान के मुताबिक,”यहूदी दुश्मन अपने झूठ के जरिए गाजा में बैपटिस्ट अरब नेशनल हॉस्पिटल पर बमबारी करके किए गए क्रूर नरसंहार के लिए अपनी ज़िम्मेदारी से बचने की पूरी कोशिश कर रहा है.” उसने सारा दोष फ़िलिस्तीन में इस्लामिक जिहाद आंदोलन पर मढ़ दिया.”
- अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन आज इजरायल जा रहे हैं. गाजा अस्पताल पर हुए हमले के बाद उन्होंने इजरायल के पीएम प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की. जो बाइडेन ने एक बयान में कहा, “गाजा के अल-अहली अरब अस्पताल में विस्फोट और उसकी वजह से हुई भयानक जानमाल के नुकसान से मैं बहुत क्रोधित और दुखी हूं.” बाइडेन ने अपना जॉर्डन दौरा रद्द कर दिया है.
- संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गाजा अस्पताल पर हुए घातक हवाई हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे भयानक हमला बताया. एंटोनियो गुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट किया, “मां पीड़ितों के परिवारों के साथ हूं. अस्पताल और चिकित्साकर्मी अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत संरक्षित हैं.”
- गाजा अस्पताल पर हुए हमले के बाद लोगों में काफी गुस्सा है. सैकड़ों लोगों ने ईरान के तेहरान में ब्रिटेन और फ्रांस के दूतावासों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. इस हमले के बाद ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी ने एक दिन के “सार्वजनिक शोक” का ऐलान किया और हमले के लिए इज़रायल और उसके सहयोगी अमेरिका को दोषी ठहराया. रायसी ने कहा,”गाजा अस्पताल में घायल फिलीस्तीनी पीड़ितों पर गिराए गए अमेरिकी-इजरायल बमों की लपटें जल्द ही यहूदियों को भस्म कर देंगी.” गाजा हमले को लेकर मध्य पूर्व और नॉर्थ अफ्रीका में भी विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.
- गाजा में ज़मीनी हमले की तैयारी के लिए इज़रायली सेना ने बाहरी इलाके में बख्तरबंद गाड़ियां जमा कर ली हैं. इज़रायल का कहना है कि वह 7 अक्टूबर को हुए हमलों के प्रतिशोध में हमास पर हमला कर रहा है. हमास के हमलों में इजरायल में 1500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों को बंधक बनाया जा चुका है.
बमबारी से कुछ दिन पहले चेतावनी..
गाजा में एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा है कि इज़रायल ने अल-अहली अस्पताल पर बमबारी से कुछ दिन पहले चेतावनी के रूप में दो तोपखाने के गोले दागे थे।स्वास्थ्य मंत्रालय के अवर सचिव यूसुफ अबू अल-रिश ने कहा कि अस्पताल पर पहला हमला शनिवार शाम को हुआ था। अबू अल-रिश के अनुसार एक दिन बाद इजरायली सेना ने अस्पताल के निदेशक को फोन किया और उनसे कहा कि हमने कल आपको दो गोले दागकर चेतावनी दी थी।

