न्यूजलिंक हिंदी, कानपुर। सीसामऊ विधानसभा के प्रस्तावित उप-चुनाव को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर आयेंगे। वह सुबह 11.10 बजे चुन्नीगंज स्थित जीआईसी मैदान में होने वाले कार्यक्रम के मंच पर पहुंचेंगे। योगी आदित्यनाथ यहां अलग-अलग विभागों की 751 करोड़ रुपये की 442 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री 1 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण करने के साथ ही 5027 लाभार्थियों को 191 करोड़ का ऋण वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री 8087 युवओं को टैबलेट व स्मार्टफोन भी बाटेंगे। कार्यक्रम में सभी योजनाओं के पांच-पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री मंच से सम्मानित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित संगठन की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विभागों की विकास योजनाओं पर चर्चा व कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री शहर में करीब साढ़े तीन घंटे रहेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शहर के सांसद, विधायक, पदाधिकारी और सीसामऊ में लगाये गये वरिष्ठ नेता मंच साझा करेंगे। वहीं, मर्चेंट चैंबर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश, क्षेत्र, जिला और मंडल के साथ सीसामऊ के प्रवासी और प्रभारियों के साथ 200 पदाधिकारी सीएम योगी के साथ रहेंगे। इस दौरान वह जीत का मंत्र देने के साथ ही चुनाव कैसे लड़ा जाये इसपर चर्चा करेंगे।
सीएम के अगल-अलग कार्यक्रमों को लेकर बुधवार को भाजपा कार्यालय नवीन मार्केट में बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया की जीआईसी मैंदान में सीसामऊ विधान सभा के प्रत्येक बूथ से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मर्चेंट चैंबर हाल में सीसामऊ विधानसभा के संगठन की बैठक होगी। इस बैठक में सीसामऊ विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रवासी, वार्ड अध्यक्ष, तीनो मंडलों के अध्यक्ष, मंडल प्रवासी, मंडल प्रभारी, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष, विधानसभा के जीते हारे पार्षद, मोर्चों के मंडल अध्यक्ष, जिला क्षेत्र प्रदेश के पदाधिकारी, सांसद, महापौर, सभी विधायक,जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में जिला अध्यक्ष दीपू पांडे, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, एमएलसी सलिल विशनोई, मानवेंद्र सिंह ने जिम्मेदारियों से अवगत कराया। इस बैठक में मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा समेत कई नेता रहे।
दावेदारों ने हार्डिंग्स से पाटा स्थल
सीसामऊ सीट जितनी चुनौती भरी है उतनी ही अवसरवादी भी है। जिसे देखते हुये यहां हर कोई लड़ना चाहता है। सीएम योगी को चेहरा दिखाने की ललक में कार्यक्रम स्थल को प्रत्याशियों ने होर्डिंग्स बैनर से पाट दिया है। एंट्री गेट से लेकर ग्राउंड के चारों ओर प्रत्याशियों ने सीएम योग के स्वागत लगी होर्डिंग्स टांग दी है।

