न्यूज़लिंक हिंदी। सिपाही भर्ती परीक्षा के मद्देनजर लखनऊ में शनिवार और रविवार को तीन लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों की भीड़ रहेगी। इन दोनों दिन दो-दो पालियों में परीक्षा होगी। इसके लिए 113 केंद्र बनाए गए हैं। दो दिनों में 2 लाख 74 हजार 944 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने का अनुमान है। इस भर्ती के लिए पूरे प्रदेश में करीब 48 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में बैठ रहे हैं। शनिवार को दो पालियों में 1.36 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पुलिस अफसरों ने रात में ही मोर्चा संभाल लिया। परीक्षार्थियों के लिए रेलवे व रोडवेज ने विशेष इंतजाम किए हैं। बस अड्डों व रेलवे स्टेशनों पर हेल्पडेस्क बनाई गई हैं।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारियां शुक्रवार को पूरी कर ली गईं। हेल्पडेस्क को लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बैठक की। परीक्षार्थियों के लिए चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे से 100 अतिरिक्त रोडवेज बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जाएंगी। वहीं परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को ले जाने व वापस रेलवे स्टेशन व बस अड्डों तक लाने के लिए 103 सिटी बसों को लगाया गया है। परिवहन निगम ने चारबाग और लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के साथ ही बस अड्डों पर हेल्पडेस्क बनाई हैं। यहां से परीक्षार्थी ट्रेन, बस व सिटी बसों की जानकारियां ले सकेंगे। कैसरबाग बस डिपो के एआरएम अरविंद कुमार को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है।
दो घंटे पहले ही परीक्षा केंद्रों वाले रूटों पर चलने लगेंगी सिटी बसें
दोनों दिन पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले सिटी बसें परीक्षा केंद्र वाले रूटों पर चलेंगी। वहीं परीक्षा खत्म होने के बाद सिटी बसों से परीक्षार्थियों को बस अड्डे और रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा।
बसों के लिए यहां करें फोन
आलमबाग 8318573944, 9918382131, 7355052176
चारबाग 6394063090, 9305752407, 9935870325
कैसरबाग 7318218935, 8787221440, 9935361056
अवध 8090031645, 9935734133, 3452875361
ये भी पढ़े : UP Police Exam: परीक्षा से पहले पकड़े गए सॉल्वर गैंग के 15 सदस्य, यूपी पुलिस ने सभी को किया गिरफ्तार
रेलवे स्टेशनों पर भी होंगी हेल्पडेस्क
चारबाग स्टेशन पर जो हेल्पडेस्क बनाई जाएगी, उस पर भी कर्मचारियों की तैनाती होगी। समस्या होने पर परीक्षार्थी फोन नंबर- 8299474332, 7985525284, 9450280539, 9415049636, 9452014168 व 9454194373 पर कॉल कर सकते हैं। जबकि सिटी रेलवे स्टेशन के लिए 8400077207 व 6387888791 नंबरों पर जानकारी हासिल की जा सकती है। कैसरबाग बस अड्डे पर बनाए गए कंट्रोल रूम को भी कॉल कर सकते हैं। कंट्रोल रूम का नंबर-8226005808 है।

