न्यूज़लिंक हिंदी। लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान के लिए भारत निर्वाचन आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है। बता दे कि मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार व सुखबीर सिंह संधु भी मौजूद हैं।मुख्य चुनाव आयुक्त ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। इसके मुताबिक, सात चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। चुनाव के नतीजे चार जून को आएंगे।
इस बार लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे। चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव शुरू होंगे और 4 जून को नतीजे आएंगे।
चरण तारीख
पहला 19 अप्रैल
दूसरा 26 अप्रैल
तीसरा 7 मई
चौथा 13 मई
पांचवां 20 मई
छठा 25 मई
सातवां 1 जून
नतीजे 4 जून
फेक न्यूज, अफवाहें फैलाने की आजादी नहीं
राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग समेत किसी की भी आलोचना करने की पूर्ण स्वतंत्रता है, लेकिन फेक न्यूज, अफवाहें फैलाने की आजादी नहीं है। हर राज्य के अधिकारियों को अधिकार दिया गया है ताकि वे आपत्तिजनक बयानों से जुड़ी पोस्ट हटाने को कह सकें। अगर कोई झूठा नरैटिव फैला रहा है तो हम उसका पुरजोर मुकाबला करेंगे। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर झूठ बनाम हकीकत नाम से शृंखला शुरू की जाएगी। मतदाताओं से भी अनुरोध है कि सोशल मीडिया पर जो भी आए, उसे आंख बंदकर आगे न बढ़ाएं। झूठ के बाजार में रौनक बहुत होती है।
चुनाव में खून-खराबे और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि चुनाव में खून-खराबे और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। हमें जहां से भी हिंसा की सूचना मिलेगी, हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
#WATCH | Delhi: Chief Election Commissioner Rajiv Kumar says, "There is no place for bloodbath and violence in the elections…From wherever we will receive the information of violence, we will take action against them…" pic.twitter.com/xu1z7FRb0l
— ANI (@ANI) March 16, 2024
चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, हम देश को वास्तव में उत्सवपूर्ण, लोकतांत्रिक माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होने वाला है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून 2024 में समाप्त होने वाला है।
घर जाकर मतदान करवाया जाएगा
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि “85 वर्ष से अधिक उम्र के जितने भी मतदाता हैं उनके घर जाकर मतदान करवाया जाएगा। इस बार देश में पहली बार ये व्यवस्था एक साथ लागू होगी कि जो 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता हैं और जिन्हें 40% से अधिक की विकलांगता है, उनके पास हम फॉर्म पहुंचाएंगे अगर वो मतदान का ये विकल्प चुनते हैं।
#WATCH | Election Commission of India will announce the Lok Sabha election dates at 3pm today in Delhi pic.twitter.com/htGrzXA1Pn
— ANI (@ANI) March 16, 2024
जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव होना बाकी
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, “यह हम लोगों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। 2024 दुनिया के लिए भी चुनावों का साल है। दुनिया के सबसे बड़े और सबसे जीवंत लोकतंत्र के रूप में भारत पर सभी का ध्यान केंद्रित रहता है। लोकतंत्र के रंग यहां उभरते हैं और सभी हिस्सों का इसमें समावेश होता है।
हमारा वादा है कि हम चुनाव इस तरह कराएंगे जो देश की चमक को बढ़ाएगा। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव होना बाकी हैं।”
हमारे पास 97 करोड़ मतदाता हैं
राजीव कुमार ने कहा कि भौगोलिक, सांस्कृतिक रूप से विविध इस देश के सबसे बड़े चुनाव के लिए हमने दो वर्ष तक तैयारी की है। हमारे पास 97 करोड़ मतदाता हैं। यह संख्या अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया के कुल मतदाताओं से कहीं ज्यादा है। हमारे पास 10.5 लाख मतदान केंद्र हैं, जिनकी जिम्मेदारी डेढ़ करोड़ लोगों के पास होती है।
55 लाख ईवीएम हैं। चुनाव आयोग अब तक 17 आम चुनाव और 400 से ज्यादा विधानसभा चुनाव करा चुका है। पिछले 11 चुनाव शांतिपूर्ण रहे हैं। अदालती मुकदमे कम हुए हैं।

