न्यूज़लिंक हिंदी। लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तारीखों के एलान के एक दिन बाद निर्वाचन आयोग ने चुनावी कार्यक्रम में बदलाव किया है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के चुनावी कार्यक्रम में बदलाव करते हुए आयोग ने कहा कि अब दोनों राज्यों में मतगणना 4 जून की जगह 2 जून को होगी।
बता दें कि चुनाव आयोग ने इन दो राज्यों सहित कुल चार राज्यों में एक साथ ही विधानसभा और लोकसभा चुनाव कराने का ऐलान किया है। चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा-2024 और विभिन्न विधानसभाओं के आम चुनाव के कार्यक्रम के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधान सभाओं के लिए आम चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की थी। दोनों राज्यों में मतदान की तारीख 19 अप्रैल है। पूरे देश के साथ ही चार जून को अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा के लिए भी मतगणना होनी थी।
ये भी पढ़े : पंजाब के होशियारपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, एक पुलिसकर्मी शहीद
चुनाव आयोग द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम दोनों विधान सभाओं के सदन का कार्यकाल और अवधि 2 जून को समाप्त होने वाली है। इसके मद्देनजर चुनाव आयोग ने वोटो की गिनती की तारीख में संशोधन करने का फैसला किया है। चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि अब इन दोनों राज्यों में मतगणना चार जून के बदले दो जून को होगी।

