न्यूजलिंक हिंदी। आने वाले लोकसभा चुनाव में BJP के विजयी रथ को रोकने के लिए बने I.N.D.I.A ब्लॉक के शीर्ष नेता आज शनिवार (13 जनवरी) को एक वर्चुअल मीटिंग करेंगे। इसमें गठबंधन को मजबूत करने, सीट बंटवारे पर रणनीति बनाने और अलायंस के संयोजक के चयन को लेकर चर्चा होगी। हालांकि तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बैठक में शामिल नहीं होंगी। बताया जा रहा है कि वह किसी और कार्यक्रम में व्यस्त रहेंगी।
ये भी पढ़े : ‘उसे धर्म का कोई ज्ञान नहीं…’, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भिड़ गईं रिवाबा जडेजा और नयनाबा जडेजा
सूत्रों के मुताबिक, आज की बैठक में सबसे अहम चर्चा विपक्षी गठबंधन के संयोजक की नियुक्ति पर होगी। जेडीयू नीतीश कुमार को संयोजक बनाना चाहती है, लेकिन बताया जा रहा है कि टीएमसी इसका विरोध कर रही है। बता दें कि इससे पहले भी इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने वर्चुअल मीटिंग में इन सब मुद्दों पर चर्चा की कोशिश की थी, लेकिन तब बात नहीं बन पाई थी।
इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सबसे ज्यादा तकरार देखने को मिल रही है। यह खींचतान कई राज्यों में है। इससे पहले भी इंडिया गठबंधन कई मीटिंग कर चुका है। गठबंधन की पहली बैठक पटना में 23 जून 2023 को हुई थी। दूसरी बैठक 17,18 जुलाई 2023 को बेंगलुरु में हुई थी। गठबंधन ने अपनी तीसरी बैठक मुंबई में 31 और 1 सितंबर 2023 को की थी। चौथी बैठक दिसंबर में दिल्ली में हुई थी। इन सभी मीटिंग में तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन इतनी बैठकों के बाद भी सीट बंटवारे को लेकर तकरार जारी है।

