न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट पर 13 मई को पुर रूप से वोटिंग हो चुकी है। यहां सपा मुखिया अखिलेश यादव और निवर्तमान सांसद बीजेपी प्रत्याशी सुब्रत पाठक के बीच मुकाबला है। वोटिंग के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सुब्रत पाठक थाने के एसएचओ को धमकी देते नजर आ रहे हैं।
वह कह रहे कि आज चुनाव खत्म हो गया है। अब तुम्हारी विजिलेंस जांच कराएंगे। बताकर जा रहे हैं। हम बदला लेंगे बदला। इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। दरअसल हुआ यूं कि कन्नौज में वोटिंग के दौरान पुलिस रितिक नाम के एक समर्थक को कोतवाली ले आई तो बीजेपी प्रत्याशी सुब्रत पाठक तुरंत वहां पहुंच गए। SHO से सुब्रत बोले- तुरंत छोड़ दो रितिक को। बवाल अगर आप चाहते हैं तो अलग बात है। बद्तमीजी कर रहे हो। चुनाव आज खत्म हो रहा है।
देखते हैं तुम्हें। तुम्हारी विजिलेंस से जांच न कराए तो कहना। तुमसे बदला लेंगे हम बदला। गौरतलब है कि मतदान के दौरान सुब्रत पाठक ने लगातार ट्वीट कर चुनाव आयोग से सपा की शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कार्यकर्ता मतदान में गड़बड़ियां कर रहे हैं। सपा की ओर से भी कई जगहों पर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।अधिकारीगण उपरोक्त मामले को अपने संज्ञान में लेकर त्वरित कार्यवाही करें।

