भारत और पाकिस्तान सीजफायर के लिए राजी, इंडिया ने कहा अब हमला हुआ तो मानेंगे युद्ध

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत और पाकिस्तान के बीच आज गोलीबारी एवं सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी है।

0
212

India and Pakistan agreed for ceasefire: भारत और पाकिस्तान सीजफायर के लिए राजी हो गए हैं। यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्वीट कर कहा, कि कल रात यूएसए की मध्यस्थता में चली लंबी बातचीत के बाद मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तुरंत और पूरी तरह हमले रोकने के लिए तैयार हो गए हैं। मैं दोनों देशों को कॉमनसेंस, समझदारी से भरा फैसला लेने के लिए बधाई देता हूं।

इससे पहले भारत सरकार ने बताया कि भारत ने निर्णय लिया है कि भविष्य में किसी भी आतंकी कार्रवाई को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और उसी के अनुसार जवाब दिया जाएगा। सुरक्षा बलों और एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) के बम निरोधक दस्ते ने पाकिस्तान की ओर दागे गए ड्रोन को नष्ट कर दिया। यह ड्रोन जम्मू के पास एक गांव में मिला।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत और पाकिस्तान के बीच आज गोलीबारी एवं सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने सभी प्रकार के आतंकवाद के विरुद्ध अपना अडिग रुख कायम रखा है और आगे भी ऐसा ही करता रहेगा।’’

रक्षा अधिकारियों ने बताया कि जम्मू क्षेत्र के आरएसपुरा में पाकिस्तान की गोलाबारी में बीएसएफ के आठ जवान घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर के नौशेरा इलाके के एक गांव में तुर्की का कामिकेज़ ड्रोन बरामद हुआ। पाकिस्तान नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बढ़ने के बीच चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। सीडीएस ने आज सुबह रक्षा मंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की। भारत ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान ने गुरुवार रात भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की और लेह से लेकर सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300 से 400 तुर्किए के ड्रोन दागे।

भारतीय सेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना ने आतंकवादी लॉन्चपैड्स को नष्ट कर दिया। 08 और 09 मई 2025 की रात को पाकिस्तान द्वारा जम्मू कश्मीर और पंजाब के कई शहरों में ड्रोन हमलों की कोशिश करने के बाद पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने आतंकवादी लॉन्चपैड्स को निशाना बनाया और उन्हें तबाह कर दिया। नियंत्रण रेखा के करीब स्थित आतंकवादी लॉन्चपैड अतीत में भारतीय नागरिकों और सुरक्षा बलों के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने का केंद्र थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here