न्यूज़लिंक हिंदी। गंगा नदी के तट पर स्थापित बोट क्लब मे पर्यटन गतिविधियों का सोमवार से फिर से संचालन शुरू हो गया। बरसात के बाद शुरू हुए बोट क्लब के पहले दिन मंडलायुक्त अमित गुप्ता और कानपुर बोट क्लब के अध्यक्ष ने गंगा आरती मे भाग लिया। बनारस की तर्ज़ पर पांच पंडितों ने मंत्रोच्चारण और घंटों की गूंज के साथ गंगा तट पर गंगा आरती का आयोजन किया। महीनों बाद बैराज पर एक बार फिर रंग बिरंगी रोशनी देखने को मिली।
कानपुर में बोट क्लब का निर्माण केडीए के बजट से निर्माण इकाई सिंचाई विभाग द्वारा किया गया है। कानपुर के विकास मे बोट क्लब एक रोमांचक परियोजना है। पिछले वर्ष इसका लोकार्पण किया गया था। वर्षा काल मे सुरक्षा के चलते जुलाई से यहां पर जल गतिविधियों को को रोक दिया गया था। सोमवार से इसे दोबारा शुरू किया गया है। मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बोट क्लब मे घाटों और नदी तट की सफाई के साथ अन्य तैयारी क्लब के सचिव, अपर जिलाधिकारी और सचिव जल क्रीड़ा नीरज श्रीवास्तव की देख रेख मे चल रहा था।
सिंचाई विभाग की अनुमति के बाद यहां गतिविधियों को फिर से शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि बोट क्लब मे बच्चों के मनोरंजन के लिए ट्वॉय ट्रेन, झूले और वृद्ध लोगों के लिए व्हीलचेयर भी उपलब्ध हैं। इस दौरान अमित गुप्ता ने सचिव जल क्रीड़ा से इस वर्ष के अंत तक जल क्रीड़ा की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को आयोजित कराने के लिए भी कहा है। आयुक्त ने केडीए सचिव से कहा की स्वीकृत निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा कर उसे शीघ्र पूरा कराएं।

