कानपुर मेट्रो: जनवरी तक आइआईटी से सेंट्रल स्टेशन तक चलेगी, दोनों लाइनों पर हुआ सफल टेस्ट रन

0
81

मंलगवार को पहली बार मेट्रो ट्रेन मोतीझील से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक पहुंची। अप-लाइन और डाउनलाइन दोनों ही लाइनों पर मेट्रो ट्रेन का टेस्ट रन किया गया। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार की मौजूदगी में सफल टेस्ट रन हुआ। यूपीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार जनवरी 2025 में आइआईटी से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवा के विस्तार की तैयारी है। काम अपने अंतिम चरण में है। सुशील कुमार ने बताया कि जल्द ही इस रूट पर नियमित ट्रायल रन की शुरुआत होगी। स्टेशनों के बचे हुये कार्य पूरे होंगे।

कानपुर में अभी तक जमीन के ऊपर वायडक्त पर दौड़ने वाली मेट्रो, जल्द ही यात्रियों को लेकर जमीन के नीचे अंडरग्राउंड टनल में भी दौड़ेगी। इसी साल जुलाई माह में नयागंज अंडरग्राउंड स्टेशन तक ‘अप-लाइन‘ पर और अक्टूबर माह में ‘डाउनलाइन‘ पर मेट्रो ट्रेन का टेस्ट रन किया गया था। हाल ही में कानपुर सेंट्रल तक दोनों लाइनों पर ट्रैक, थर्ड रेल सिस्टम, सिग्नल आदि इंस्टॉल करने के बाद मंगलवार को मेट्रो ट्रेन को टेस्ट रन के लिए सेंट्रल स्टेशन तक ले जाया गया। इस दौरान कानपुर मेट्रो के ट्रैक, पावर सप्लाई आदि विभिन्न इंटरफेसों को परखा गया। मेट्रो ट्रैक के समानांतर लगाए गए थर्ड रेल को भी सेंट्रल स्टेशन तक पहली बार चार्ज किया गया।

कानपुर मेट्रो ट्रेन के टेस्ट रन के दौरान ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) मोड पर ‘लो’ स्पीड पर चलाया गया। सिग्नलिंग से संबंधित मैप वेरिफिकेशन टेस्ट में ट्रैक के साथ लगे उपकरणों जैसे टीआरए सिग्नल, एक्सेल काउंटर आदि के सॉफ्टवेयर लोकेशन को वास्तविक लोकेशन के साथ वेरीफाई किया गया। आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया के परिणामों के अनुसार सॉफ्टवेर को अपग्रेड किया जाएगा। इसके बाद ट्रेन का ’हाई’ स्पीड टेस्ट भी किया जाएगा। टेस्ट रन के दौरान यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार के साथ ही निदेशक, वर्क्स एण्ड इंफ्रास्टक्चर सीपी सिंह, निदेशक-रोलिंग स्टॉक नवीन कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कानपुर मेट्रो का परिचालन अभी 9 एलिवेटेड स्टेशन में होता है। जनवरी 2025 में कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो रूट के विस्तार होने के बाद  चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल समेत 5 नये स्टेशन इस नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। ये सभी स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे, यानी शहर के अंदर अंडरग्राउंड मेट्रो से यात्रा का भी शुभारंभ हो जाएगा।

अभी 9 किमी. में चल रही कानपुर मेट्रो

वर्तमान में, लगभग 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाएं 9 किमी लंबे प्रॉयरिटी कॉरिडोर (आईआईटी-मोतीझील) पर चल रही हैं। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन यानी चुन्नीगंज से नौबस्ता तक चल रहे निर्माण कार्य के अलावा लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा 8) का निर्माण कार्य भी तेजी से बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here