न्यूज़लिंक हिंदी। कलक्टरगंज थाना प्रभारी को एंटी करप्शन टीम ने पचास हजार की घूंस लेते रंगे-हांथ गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कब्जेदारों से मकान खाली कराने के नाम पर युवक से घूंस मांग कर रहे थे। युवक ने दो दिन पहले घूस मांगने की शिकायत एंटी करप्शन की टीम से की थी। सोमवार देर रात एंटी करप्शन की टीम ने थाना प्रभारी के खिलाफ जाल बिछाया।
ये भी पढ़ें: कानपुर बोट क्लब का संचालन फिर से हुआ शुरू, बरसात की वजह से जुलाई में किया गया था बंद
फिलैथलीन पाउडर लगे 50 हजार भेजे
एंटी करप्शन की टीम ने फिलैथलीन पाउडर लगे 50 हजार के नोटों के साथ युवक को थाना परिसर में स्थित थाना प्रभारी के आवास पर रिश्वत देने के लिए भेजा। थाना प्रभारी के रिश्वत लेते ही एंटी करप्शन की 14 सदस्यीय टीम ने थाना प्रभारी को रंगे हाथों दबोच लिया। वहीं मामले की जानकारी होने पर पुलिस कमिश्नर आरके स्पर्णकार ने बताया कि थाना प्रभारी रामजनम गौतम के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है। साथ ही विभागीय जांच शुरू कराने के आदेश दिए है।
कब्जेदारों से विवाद के बाद युवक पहुंचा था थाने
फीलखाना निवासी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पूर्व कलक्टरगंज में एक मकान खरीदा था। बीते तीन अक्टूबर को वह जर्जर पड़े मकान को खाली कराने के लिए गए थे, जिस पर उनका कब्जेदारों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान कब्जेदारों ने नरेंद्र की जमकर पिटाई कर दी थी। नरेंद्र ने मामले की सूचना कलक्टरगंज पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। नरेंद्र ने बताया कि थाना प्रभारी रामजनम गौतम से शिकायत करने पर वह बार-बार टरका रहे थे। बीते शनिवार को नरेंद्र एक बार फिर कलक्टरगंज थाना प्रभारी राजजनम गौतम से शिकायत करने पहुंचे, जिस पर रामजनम गौतम ने मकान खाली कराने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की।
थाने में हुई देर रात तक पूछताछ
नरेंद्र ने मामले की जानकारी एंटी करप्शन टीम को दी। मामले को इंस्पेक्टर एकता त्यागी को सौंपा गया था। एंटी करप्शन की टीम ने थाना प्रभारी को रंगे हाथ दबोचने की योजना तैयार की। सोमवार देर रात को एंटी करप्शन की 14 सदस्यीय टीम ने थाने पहुंची। नरेंद्र थाना प्रभारी के आवास पर 50 हजार रुपये देने पहुंचे। नरेंद्र ने जैसे ही थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये पकड़ाए, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। थाना में तैनात मातहतों के सहयोग न करने पर एंटी करप्शन की टीम थाना प्रभारी को कोतवाली लेकर पहुंची, जहां देर रात तक पूछताछ के बाद आरोपी थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

