कानपुर मेट्रो के प्रॉयोरिटी कॉरिडोर में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक का किराया मात्र 40 रूपये ही पड़ेगा। मेट्रो के गोस्मार्ट एनसीएमसी कार्ड धारकों के लिए यह किराया 10 प्रतिशत और कम हो जाएगा। यह जानकारी रविवार को मेट्रो अधिकारियों ने दी। विश्व सार्वजनिक परिवहन दिवस पर कानपुर दर्शन के सहयोग से मोतीझील स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि 14 स्टेशनों वाले रूट पर 15 किमी. की दूरी मात्र 25 मिनट में तय हो सकेगी। कार्यक्रम में ज्ञान भारती स्कूल और एनजीओ एसएस फाउंडेशन से आए बच्चों, शिक्षकों और समाज सेवियों को एक अत्याधुनिक मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के रूप में कानपुर मेट्रो की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो के विस्तार, भविष्य की योजनाओं और किराये आदि के संबंध में भी सवाल पूछे। जिसपर अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मेट्रो अधिकारियों ने सार्वजनिक परिवहन के रूप में मेट्रो की उपयोगिता पर चर्चा शुरू करते हुए बताया कि शहर में मेट्रो की परिकल्पना सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई थी। सार्वजनिक यातायात के साधनों के अधिक उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी, सड़कों पर ट्रैफिक का भार कम होगा और लंबे समय तक जाम से व्यर्थ होने वाली समय व ऊर्जा की भी बचत होगी।


