भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती, सीसामऊ समेत सभी 9 सीटें जीतेंगे

0
327

कानपुर। रविवार को शहर आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सीसामऊ विधानसभा में संगठनात्मक बैठकों के जरिये भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रेसवार्ता कर कहा कि इस उपचुनाव में हमारा कोई गणित नहीं है। सीसामऊ का चुनाव हम काम के आधार पर जीतेंगे। यही नहीं प्रदेश की सभी 9 सीटें हम जीतने जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष लगातार शासन-प्रशासन और चुनाव आयोग पर धांधली करने का आरोप लगा रहा है।

इससे ये साफ है कि विपक्ष ने अपनी हार मान ली। तभी इस तरह की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा यह जब जीतते हैं तो कोई चर्चा नहीं करते हैं, जब हारेंगे तो इस तरह के आरोप लगाने लगते हैं। लोकसभा चुनाव में सपा के अच्छे प्रदर्शन पर कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। हम सबका साथ सबका विकास के आधार पर काम कर रहे हैं, सपा और कांग्रेस बांटने का षणयंत्र रच रहीं।

स्वरूप नगर स्थित गैंजेस क्लब में आर्यनगर मंडल की बैठक के बाद सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अलीगढ़ यूनिवर्सिटी केंद्रीय विश्वविद्यालय है, बाकी सभी यूनिवर्सिटी की तरह आरक्षण सभी को दिया जाना चाहिए। कांग्रेस की प्रदेश में अब कोई भूमिका नहीं है। उनके सहयोगियों ने भी उन्हें साइकिल से अलग कर दिया है। कांग्रेस की स्वीकार्यता अब खत्म हो गई है। चुनाव में अतीक अहमद का नाम बार-बार आने पर कहा कि निश्चित रूप से हमारी सरकार ने जो काम किए हैं। अपराध और अपराधी के प्रति जो सरकार का अक्रामक रुख है वो हमारे दृष्टिकोण हमारे व्यवहार में झलकता है।

आज अपराध यूपी में बिल्कुल न्यूनतम स्तर पर है। हमारी पार्टी हमारी सामाजिक समरसता और सामाजिक सद्भाव की बात करती हैं। भाजपा सभी को लेकर चलती है। कटोगे तो बटोगे के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष जाति, भाषा और क्षेत्र को बांटने का काम करता है। देश को कमजोर करने का षड्यंत्र है, अब देश की जनता सब समझ चुकी है। प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष दीपू पांडे, विधायक सुरेंद्र मैथानी, अनूप अवस्थी भी मौजूद रहे।

विपक्ष का एजेंडा जनता समझ चुकी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीसामऊ सीट पर हमने जो काम 7 सालों में किए हैं। उनको लेकर ही जनता के बीच जा रहे हैं। पुरानी सरकारों में प्रभुत्व वाले लोगों को लाभ मिलता था। विपक्ष को निगेटिव एजेंडा अब जनता समझ चुकी है। हरियाणा में तीसरी बार हमारी सरकार बनी है। प्रदेश की 9 सीटों पर होने वाले चुनाव में भाजपा बड़े अंतर से जीतने जा रही है।

मंडलों और चुनाव प्रबंधन समिति के साथ बनाई रणनीति
प्रदेश अध्यक्ष ने रायपुरवा मंडल, कौशलपुरी मंडल, की अलग-अलग जगह बैठक की। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने अब तक किए गए कार्यों को जहां प्रदेश अध्यक्ष के सामने बिंदुवार रखा वहीं प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने आगे चुनाव की दृष्टि से क्या क्या करना है उसको बिंदुवार बताया। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि यह चुनाव कार्यकर्ताओं की ताकत का अहसास कराने का चुनाव है। तीनों मंडलों की बैठक में मुख्य रूप से विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायिका नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह पूर्व विधायक नीरज चतुर्वेदी रघुनंदन भदौरिया राजू शर्मा अवधेश सोनकर, संतोष शुक्ला, दीपक सिंह, आनंद मिश्रा, नवाब सिंह, मंडल अध्यक्ष करन यादव, अभिमन्यु सक्सेना, गौरव पांडे, पार्षद सौरभ देव, अंकित मौर्य, आकर्ष बाजपेई, अंकित मिश्रा, आलोक पांडे, गोविंद शुक्ला सहित चुनाव मंडल टोली के सभी सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here