न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड अभी रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। कल यानी मंगलवार को दिन में धूप जरूर निकली, लेकिन गलन के आगे उसकी एक न चली। बता दे कि दोपहर ढाई बजे से शाम के पांच बजे के बीच तीन डिग्री से ज्यादा तापमान गिरा। कोहरे की वजह से मंगलवार को 67 ट्रेनें 23 घंटे तक लेट रहीं।
मौसम विभाग के अनुसार अभी तीन दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। रात में शीतलहर के साथ सुबह-शाम कोहरे का असर रहेगा। दिन में धुंध और बर्फीली हवाओं की वजह से कड़ाके की ठंडक बनी रहेगी। इस कारण एयरपोर्ट पर लगातार तीन दिनों तक निरस्त रहीं मुंबई और दिल्ली की उड़ानें मंगलवार को आईं। हालांकि ये विमान कोहरे की वजह से लेट आए।
ये भी पढ़ें :Ayodhya: आज प्राण- प्रतिष्ठा के अनुष्ठान का दूसरा दिन, 11 पुजारी सभी ‘देवी-देवताओं’ का करेंगे आह्वान-
सीएसए के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार सुबह आठ बजे पारा 6.5 डिग्री था, जो रात को आठ बजे 10.30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोनों तापमान में मात्र चार डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया। डॉ. पांडेय के अनुसार सुबह और शाम के तापमान में सिर्फ चार डिग्री तापमान का अंतर कोल्ड डे होता है।
16 रोडवेज बसों के चक्के भी नहीं घूमे
सोमवार को आने वाली ट्रेनें मंगलवार और सुबह की गाड़ियां शाम को पहुंचीं। रात आठ बजे तक करीब तीन हजार यात्रियों ने टिकट निरस्त कराए। ऑनलाइन यूटीएस एप से हुए टिकटों का रिफंड नहीं मिल सका। यात्री कम होने से 16 रोडवेज बसों के चक्के भी नहीं घूमे। 40 से अधिक बसें रेंगकर चलीं और छह घंटे तक लेट आकर गईं। रात एक से सुबह पांच बजे के बीच झकरकटी औऱ चुन्नीगंज बस अड्डे पर यात्रियों की संख्या कम रही। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

