न्यूज़लिंक हिंदी। कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक डॉक्टर ने बेशर्मी की सभी हदें पार कर दीं। डॉक्टर ने एक सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में अपनी मंगेतर के साथ प्रीवेडिंग शूट कराया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि इसके बाद डॉक्टर की सेवाएं खत्म कर दी गईं।

जानकारी के अनुसार, चित्रदुर्ग के भरमसागर क्षेत्र के जिला अस्पताल में अनुबंध पर सेवाएं देने वाले डॉक्टर अभिषेक ने थिएटर में शूट कराया। इस दौरान थिएटर के बेड पर उसने एक व्यक्ति मरीज की तरह लिटाया हुआ है। इसके साथ डॉक्टर के साथ उसकी मंगेतर भी खड़ी है और वह भी डॉक्टर का सहयोग कर रही है।
‘सरकारी अस्पतालों का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं’
न्यूज एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक राव ने कहा, “सभी डॉक्टरों, कर्मचारियों और अनुबंध कर्मचारियों को दिशानिर्देशों के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। मैंने पहले ही संबंधित डॉक्टरों और अधिकारियों को सरकारी अस्पतालों के परिसर का दुरुपयोग नहीं करने का निर्देश दिया है।” उन्होंने कहा है कि इस तरह की घटनाएं, बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
कौन हैं डॉक्टर और क्या है मामला?
बता दें कि भरमसागर सरकारी अस्पताल से जुड़े डॉक्टर अभिषेक को नौकरी से बर्खास्त किया गया है। उन्होंने एक महीने पहले ही अस्पताल में स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। डॉ अभिषेक ने हाल ही में अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के अंदर अपना प्री-वेडिंग फोटो शूट करवाया था। इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिसकी लोगों ने आलोचना की।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिषेक एक मरीज की सर्जरी कर रहे हैं, जबकि उनकी मंगेतर उनके सामने खड़ी हैं और उनकी मदद कर रही हैं। आसपास खड़े दूसरे टेक्नीशियन हंस रहे हैं और जिस मरीज का ऑपरेशन किया जा रहा है वह भी उठकर बैठ जाता है और ठहाके लगाकर हंसने लगता है। हालांकि वीडियो में दिख रहा मरीज या टेक्नीशियन अस्पताल के असल मरीज या टेक्नीशियन नहीं हैं, बल्कि केवल वीडियो शूट के लिए नाटक किया गया था।

