न्यूज़लिंक हिंदी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भूमि विवाद के चलते मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक नेता को गोली मारकर घायल करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रेय शिंदे ने मीडिया को बताया कि भाजपा के कल्याण से विधायक गणपत गायकवाड़ ने शुक्रवार रात उल्हासनगर इलाके में हिल लाइन पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर शिवसेना की कल्याण इकाई के प्रमुख महेश गायकवाड़ पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने इस मामले में भाजपा विधायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था, जिसके चलते यह घटना घटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है मामला
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता महेश गायकवाड़ और कल्याण ईस्ट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ के बीच बीते कई दिनों से जमीन विवाद चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कल्याण पूर्व के द्वारली परिसर में मौजूद संपत्ति पर मालिकाना हक को लेकर भाजपा विधायक और शिवेसना नेता के बीच विवाद चल रहा है। 31 जनवरी को भी इस विवाद में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। जिसके बाद शुक्रवार शाम को दोनों पक्ष उल्हासनगर के हिल स्टेशन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और तनातनी होने लगी। इसके बाद भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके सहयोगियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि एक तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। घटना के दौरान छह राउंड फायरिंग हुई।
ये भी पढ़े: Video : अखिलेश यादव ने दी Breaking news, कहा – BJP अपने सभी सांसदों के टिकट काटने जा रही है…
घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने गोलीबारी करने वाले भाजपा विधायक को हिरासत में लिया था, लेकिन शनिवार सुबह भाजपा विधायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिवसेना नेता को दो गोलियां लगी हैं, वहीं उनके साथी को भी दो गोलियां लगी हैं। शिवसेना नेता की हालत गंभीर बनी हुई है। भाजपा विधायक ने बताया कि महेश गायकवाड़ और उनके समर्थकों ने उनके बेटे के साथ बदतमीजी की थी, जिसके चलते उन्होंने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है। गणपत गायकवाड़ कल्याण ईस्ट सीट से तीन बार के विधायक हैं। दो बार वह बतौर निर्दलीय उम्मीदवार इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं।
सरकार ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
उल्हासनगर में पुलिस थाने में हुई फायरिंग की इस घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस जांच के आदेश दिए हैं।

