न्यूज़लिंक हिंदी। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वल्लभ भवन (मंत्रालय) में तीसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई है। आग इतनी भीषण है कि मदद के लिए सेना को बुलाना पड़ा। फिलहाल सेना की दमकल टीम आग पर काबू पाने के लिए सचिवालय पहुंच गई है। इस बीच वल्लभ भवन में लगी आग को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। इस घटना को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है।
सतपुड़ा भवन के बाद के वल्लभ भवन में आग लगी है या लगवाई गई है!
लोकसभा चुनाव से पहले हज़ारों करोड़ का घोटाला छिपाने के लिए BJP सरकार द्वारा यह एक षड्यंत्र रचा गया है।
खेर जनता सब देख रही है। pic.twitter.com/62cv4p7uTR
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) March 9, 2024
दरअसल, जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के पहले हजारों करोड़ रुपए का घोटाला छिपाने के लिए ये आग लगवाई गई है। दरअसल, पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार वल्लभ भवन के एक तल पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ वल्लभ भवन के सामने धरने पर बैठ गए।
इस दौरान पटवारी ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि लगातार ऐसे विभागों में आग लगने के मामले सामने आ रहे हैं, जिन पर घोटालों के सर्वाधिक आरोप हैं। बार-बार आग लगती है, जांच भी होती है, पर कभी भी दोषियों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आती। ये सरकार द्वारा लगाई गई आग है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार की सच्चाई से अवगत कराने का काम करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर प्रदेश की जनता को लूटने का भी आरोप लगाया।
ये भी पढ़े : Anupriya Patel: गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला, अनुप्रिया पटेल को मिली Z कैटेगरी की सुरक्षा

