न्यूज़लिंक संवाददाता। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। 11 मई गुरुवार को शहर में नगर निगम क्षेत्र के 110 वार्ड, दो नगर पालिका परिषद और दो नगर पंचायत क्षेत्रों में मतदान होगा। पोलिंग पार्टी की रवानगी आज सुबह आठ बजे से नौबस्ता स्थित मंडी समिति से होगी।
मंगलवार को जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने रिजर्व पुलिस लाइन में निर्वाचन में लगे पुलिस अधिकारियों, कर्मियों की ब्रीफिंग की। पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शातिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए निर्देश दिए। इसके साथ ही चुनाव की शिकायतों, समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में प्रभारी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार एवं नोडल अधिकारी चौधरी अरूण कुमार, उप निदेशक, कृषि, कानपुर नगर के नेतृव्य में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कन्ट्रोल रूम के नंबर 0512-2982990 और 0512-2982991 जारी किए। मतदान के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट के सहयोग के लिए 75 मास्टर ट्रेनर भी लगाये गये हैं। 60 मतदान केन्द्रों को माडल मतदान केन्द्र के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिनमें सिविल डिफेन्स, एनसीसी, स्काउट आदि के माध्यम से मतदान मित्रों की तैनाती की गयी है।इन मतदान मित्रों द्वारा मतदान हेतु आने वाले वृद्ध एवं दिव्यांगो मतदाताओं का सहयोग किया जाएगा। मतदान सुबह सात बजे से सांय छह बजे तक होगा।
कुल मतदाता – 2287691
कुल पुरूष मतदाता – 1221309
कुल महिला मतदाता – 1066382
नगर निगम के महापौर पद हेतु कुल प्रत्याशी – 13
नगर निगम के पार्षद पद हेतु कुल प्रत्याशी – 851
नगर पालि0 परिषद/नगर पंचा0 के अध्यक्ष पद हेतु कुल प्रत्याशी- 51
नगर पालि0 परिषद/नगर पंचा0 के सदस्य पद हेतु कुल प्रत्याशी- 253
कुल मतदेय स्थलो की संख्या- 1834
कुल सेक्टर मजिस्ट्रेट – 129
कुल मतदान कार्मिको की संख्या – 10008

