न्यूज़लिंक हिंदी। दिल्ली में जनता दल यूनाइटेड (JDU) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। इस बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी दिल्ली आ रहे हैं। इससे पहले जेडीयू दफ्तर के बाहर पोस्टर लगाया गया है, जिसमें केवल नीतीश कुमार ही दिखाई दे रहे हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की फोटो गायब है। पार्टी मीटिंग से पहले ये पोस्टर बड़ा संकेत देता हुए दिखाई दे रहा है।
इस पोस्टर में लिखा है- प्रदेश ने पहचाना, अब देश भी पहचानेगा। ललन सिंह के इस्तीफे को लेकर बीते 2-3 दिनों से अटकलें लगाई जा रही हैं। कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार, ललन सिंह से नाराज हैं और इसकी वजह है ललन और लालू यादव के बीच बढ़ती हुई नजदीकियां। इसलिए कहा जा रहा है कि ललन से नाराज नीतीश उनका इस्तीफा ले सकते हैं।
ये भी पढ़े : Ayodhya: प्राण प्रतिष्ठा से पहले बदला गया स्टेशन का नाम, अब इस नाम से जाना जाएगा
जेडीयू दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर्स
बड़ी बात ये है कि दिल्ली स्थित जेडीयू दफ्तर के बाहर लगे पोस्टर्स में सिर्फ नीतीश कुमार ही छाये हुए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की फोटो गायब है, जिसके बाद सियासी जानकार कई तरह के कयास लगाने लगे हैं। इन पोस्टर्स में लिखा है – प्रदेश ने पहचाना…अब देश भी पहचानेगा।
मीटिंग के लिए नीतीश दिल्ली रवाना
गौरतलब है कि दिल्ली में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक होने वाली है। इस मीटिंग के लिए बिहार के मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो गये हैं। पटना से रवानगी के दौरान नीतीश कुमार मीडिया से मुखातिब हुए और कहा कि ये रूटीन बैठक है, जो हर साल होती है। मीटिंग की परंपरा है। कुछ खास नहीं है।
तेजस्वी यादव की दो टूक
वहीं, जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की होने वाली बैठक पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि ‘ललन सिंह, नीतीश कुमार, विजय चौधरी सब बार-बार बोल चुके हैं कि ये फर्जी खबरें हैं। कितनी बार सफाई देंगे ये लोग भाई…हम लोग तो मुख्यमंत्री जी के साथ खड़े हैं। हर पार्टी की मीटिंग होती है..ये सब NORMAL है।

