न्यूज़लिंक हिंदी। दिल्ली एम्स ने 22 जनवरी दोपहर 2.30 बजे तक ओपीडी सेवाएं बंद करने का अपना फैसला वापस लिया है। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन यानी 22 जनवरी को दिल्ली के सभी केंद्रीय अस्तपतालों में भी आधे दिन की छुट्टी का एलान किया गया था। इस पर विपक्ष ने हैरानी जताते हुए इस फैसले की आलोचना की थी।

इससे पहले केंद्र सरकार ने बीते दिनों 22 जनवरी के दिन सभी केंद्रीय संस्थानों में आधे दिन की छुट्टी देने का एलान किया था। बता दें कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गोवा, छत्तीसगढ़ की राज्य सरकारों ने छुट्टी का एलान किया है। वहीं, सात राज्यों उत्तर प्रदेश, राजस्थान, असम, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और हरियाणा में 22 जनवरी को शराब की बिक्री नहीं होगी और ड्राई डे रहेगा।
ये भी पढ़े: Plane Crash: मास्को जा रहा भारतीय विमान अफगानिस्तान के बदख्शां में क्रैश, अफगान मीडिया ने दी जानकारी
नए आदेश में क्या है?
रविवार को जारी आदेश में कहा गया है कि किसी भी असुविधा से बचने और रोगी देखभाल की सुविधा के लिए नियुक्ति वाले रोगियों की देखभाल के लिए ओपीडी (Outpatient Department) सेवाएं खुली रहेंगी। सभी महत्वपूर्ण क्लिनिकल केयर सर्विसेज चालू रहेंगी। सभी केंद्र प्रमुखों, विभागों के प्रमुखों, इकाइयों और शाखा अधिकारियों से अनुरोध है कि वे इसे अपने अधीन कार्यरत सभी कर्मचारियों को इसकी सूचना दे दें।
पुराना आदेश क्या था?
ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी AIIMS ने 24 घंटे पहले अपने आदेश में क्या कहा था वह भी जान लेते हैं। एम्स ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर एक आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर, दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में आधे दिन की छुट्टी रहेगी।
ये भी पढ़े: ISRO ने दिखाई अयोध्या की शानदार झलक, अंतरिक्ष से ऐसा दिखता है भव्य राम मंदिर
22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक एम्स के सभी विभाग, केंद्र, इकाइयां और सभी सेंटरों के प्रमुख, विभागाध्यक्ष, इकाइयां और शाखा अधिकारी छुट्टी पर रहेंगे। यह घोषणा एम्स के अधिकारियों द्वारा जारी एक सर्कुलर के माध्यम से की गई थी। एम्स के अलावा राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग, लेडी हार्डिंग अस्पताल में भी ऐसा ही आदेश जारी किया गया था।

