देव दीपावली पर स्वर्ग सा दिखा वाराणसी का नजारा, सीएम योगी बोले- यह देश और दुनिया का स्प्रिचुअल इवेंट बन गया

सोमवार की शाम को काशी के घाटों की भव्यता देखते ही बन रही थी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में देव दीपावली का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां की सुंदरता और सजावट पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।

0
203

न्यूज़लिंक हिंदी। सोमवार की शाम को काशी के घाटों की भव्यता देखते ही बन रही थी। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में देव दीपावली का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां की सुंदरता और सजावट पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। ये अद्भुत नजारा देखने लाखों लोग पहुंचे। काशी के 85 घाटों पर मां जाह्नवी के समानांतर दीपमालिकाओं की अनंत शृंखला प्रवाहित हो रही थी। वहीं, दो घाट ऐसे भी थे जो विराग के साथ राग का संदेश दे रहे थे।

मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर चिताएं धधक रही थीं। गोधूली बेला में जैसे ही दूसरे घाट और गंगा पार रेती पर दीप जलने लगे महाश्मशान भी दीपमालिकाओं से सज गए। बाबा मशाननाथ मंदिर में पहला दीप जलाने के बाद श्रद्धालुओं ने घाट के किनारे भी दीप जलाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पर पहला दीपक जलाकर विश्वविख्यात काशी की देव दीपावली का विधिवत उद्घाटन किया।

ये भी पढ़े : Mathura News: महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे पहुंचे बांके बिहारी मंदिर, सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी रहीं साथ

22 लाख दीपों से जगमग हुई काशी
वाराणसी में जैसे-जैसे शाम हुई शहर स्वर्ग सा नजर आ रहा है। दोपहर से ही लोग घाटों पर जम गए देवों की दिवाली देखने। देव दीपावली के मौके पर वाराणसी 22 लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। लाइटिंग और 3D लेजर शो ने आसमान में अपनी छटा बिखेर दी। जो सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। देव दीपावली के अलौकिक नजारे को देखने के लिए देशभर से करीब 10 लाख लोग यहां पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने दीप जलाने के बाद घाटों पर जमकर आतिशबाजी भी की। देव दीपावली के अद्भुत नजारे को देखने के लिए नमो घाट पर 70 देशों के राजदूत और 150 से ज्यादा विदेशी डेलीगेट्स भी आए थे। विदेश से पहुंचे बाबा के भक्त बम-बम बोल रही है काशी… जैसे गानों पर झूम उठे थे।

धर्म व अध्यात्म के साथ राष्ट्रीयता का संदेश
देव दीपावली पर काशी के घाटों की श्रृंखला अलग-अलग रंग बिखेरती दिखी। कहीं लेज़र शो का आयोजन हुआ, तो गंगा पार रेत पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो का देशी और विदेशी सैलानियों ने आनंद लिया। दशाश्वमेध घाट की महाआरती में राम भक्ति और राष्ट्रवाद के साथ आध्यात्मिकता व सामाजिकता की भी झलक दिखी। दशाश्वमेध घाट की महाआरती रामलला को समर्पित रही। भक्तों को यहां रामलला व राम मंदिर की झलक देखने को मिली। दशाश्वमेध घाट पर अमर जवान ज्योति की अनुकृति बनाकर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। भारत के अमर वीर योद्धाओं को ‘भगीरथ शौर्य सम्मान’ से सम्मानित भी किया गया। 21 अर्चक व 51 देव कन्याएं ऋधि सिद्धि के रूप में दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की पूजा और आरती की, यह नारी शक्ति का संदेश भी देती रही।

ये भी पढ़े : Tunnel Rescue: चर्चा का व‍िषय बनी पानी से उभरी आकृति, सिलक्यारा सुरंग के बाहर प्रकट हुए देवता!

देश व दुनिया का स्प्रिचुअल इवेंट: सीएम योगी आदित्यनाथ
काशी के लोकप्रिय सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण देव दीपावली का कार्यक्रम न केवल काशी, बल्कि देश व दुनिया का स्प्रिचुअल इवेंट बन गया है। दो वर्ष पहले काशी की देव दीपावली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी स्वयं सहभागी बने थे। आज देव दीपावली में लाखों दीप जल रहे हैं। इस कार्यक्रम के साक्षी दुनिया के 70 देशों के राजनयिक बने हैं यानी प्रधानमंत्री के कारण 70 देशों की उपस्थिति एक साथ काशी में हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here