न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में रविवार सुबह दिल दहलाने देने वाली घटना हुई है। फरीदपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की आग से जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और 3 बच्चे हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए हैं।

सुबह धुआं उठता देखा तो आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम अंदर पहुंची तो वहां सभी की मौत हो चुकी थी। पांच लोग एक कमरे में सो रहे थे। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कमरे में बाहर से ताला लगा मिला। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: नीतीश कुमार आज दे सकते हैं CM पद से इस्तीफा! शाम में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी
जानकारी के मुताबिक अजय गुप्ता उर्फ टिंकल हलवाई थे। वह अपने परिवार के साथ तीन वर्ष से फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर में रिश्तेदार के मकान में किराये पर रहते थे। शनिवार रात सभी लोग एक ही कमरे में सोए थे। तड़के पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलता देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था और ताला लगा हुआ था।
कमरे में बाहर से लगा था ताला
पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। अंदर पांच शव जली अवस्था में पड़े थे। कमरे में रखा सारा सामान जल गया था। मंजर इतना भयावह था कि लोगों की रूह कांप गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन व रिश्तेदार पहुंच गए। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों से जानकारी की। एसडीएम, तहसीलदार के साथ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ नितिन कुमार गंगवार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। कमरे में गैस सिलिंडर रखा मिला है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

