Unnao Accident: हाईवे पर पलटी स्कार्पियो, पांच की मौत, एक घायल…चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

0
422

न्यूज़लिंक हिंदी। रोहतक से फैजाबाद जाते समय लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुआ भीषण हादसा। मृतकों में चार अयोध्या के और एक बस्ती का, गंभीर घायल कानपुर रेफर किया गया।

उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बहलोलपुर गांव के पास गुरुवार देर शाम लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक बार फिर से बड़ा हादसे में पांच की मौत हो गई।

रोहतक से अयोध्या जा रही स्कार्पियो चालक को झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर के लिये रेफर कर दिया गया है।

यूपीडा व पुलिस की टीम ने राहत व बचाव कार्य चलाया
बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बहलोलपुर गांव के पास गुरुवार शाम हरियाणा के रोहतक से अयोध्या जा रही स्कार्पियो चालक को अचानक झपकी लगने से गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में स्कार्पियो के परखचे उड़ गए और स्कार्पियो में सवार सभी व्यक्ति उसी में फंस गए।

मौके पर पहुंची यूपीडा रेस्क्यू टीम और पीतमपुरा चौकी पुलिस ने स्कार्पियो की खिड़कियों के कांच तोड़कर उसमें सवार छह व्यक्तियों को बाहर निकाला और सभी को सीएचसी बांगरमऊ भेजा।

जहां पर मौजूद डॉक्टर ने वैभव पांडेय (35) निवासी गांव बीबीपुर थाना नया बाजार अयोध्या, हरविंद सिंह निवासी महाराजगंज अयोध्या व मनोज सिंह निवासी नया बाजार अयोध्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल महेंद्र सिंह (38) निवासी रजवापुर थाना परशुरामपुर जिला बस्ती व अनुज पांडेय निवासी अयोध्या व आशीष कुमार (45) निवासी बीबीपुर नया बाजार अयोध्या को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भेजा।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महेंद्र सिंह और अनुज पांडेय की भी मौत हो गई जबकि आशीष कुमार (45) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर के लिय रेफर कर दिया गया।

वहीं हाइड्रा से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात शुरू कराया गया। हादसे की सूचना पर सीओ अरविंद चौरसिया फोर्स के साथ पहुंचे और जांच की। पुलिस ने इसकी जानकारी परिजनों को दे दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here