न्यूज़लिंक हिंदी। जलेसर कस्बा में एक समारोह में भाग लेने आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, कि पुलिस भर्ती में पेपर आउट हुआ है। जो परीक्षा जिस मकसद से करानी थी, उस मकसद से नहीं हुई। नौजवान मांग कर रहे हैं कि परीक्षा दाेबारा हो। हर जगह लोग तख्ती लेकर सड़कों पर खड़े हैं।
परीक्षा भंग करके पुन: परीक्षा कराए
अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, कि नौजवानों को नौकरी न देनी पड़े इसलिए सरकार ने पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक कराया। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा भंग करके पुन: परीक्षा कराए।
किसानों पर लाठी-बंदूक चलवा रही
सपा अध्यक्ष ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि भाजपा सरकार पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरन सिंह, स्वामी नाथन को एक तरफ भारत रत्न दे रही है तो दूसरी ओर किसानों के साथ छल, कपट करके लाठी-बंदूक चलवा रही है।
सरकार ठीक समय पर नौकरी नहीं निकालती
अखिलेश ने कहा कि सरकार डबल इंजन का वादा कर रही है। डबल इंजन की सरकार परीक्षा लीक कर रही है। अब तक जो भी परीक्षाएं हुई हैं, उन सभी में पेपर लीक हुए हैं। कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि नौजवानों के सपने पूरे होंगे। नौजवान कई वर्ष तक तैयारी करते हैं। इसके बाद परीक्षा देकर नौकरी पाना चाहता है। सरकार ठीक समय पर नौकरी नहीं निकालती और अगर निकालती भी है तो पेपर लीक कर देती है।
ये भी पढ़ें : किसान आंदोलन: पीएम मोदी ने किसानों की मांग को लेकर किया बड़ा फैसला, पढ़ें पूरी खबर

