Kanpur: न्यू कानपुर सिटी व बिनगवां योजना बनाने के लिए KDA ने खींचा खाका, अगले साल से प्लॉटों का आवंटन होगा शुरू

न्यू कानपुर सिटी हो या बिनगवां योजना, दोनों में ही छोटे से बड़े प्लॉट शहरियों को मिलेंगे। केडीए ने अब इन दोनों आवासीय योजनाओं में प्लॉटिंग का खाका खींचना शुरू कर दिया है।

0
394

न्यूज़लिंक हिंदी। न्यू कानपुर सिटी हो या बिनगवां योजना, दोनों में ही छोटे से बड़े प्लॉट शहरियों को मिलेंगे। केडीए ने अब इन दोनों आवासीय योजनाओं में प्लॉटिंग का खाका खींचना शुरू कर दिया है। दोनों योजनाओं में मिलाकर करीब 14000 प्लाट विकसित होंगे। बिनगवां के प्लॉट 90 वर्ग मीटर से लेकर 200 वर्ग मीटर के होंगे, जबकि न्यू कानपुर सिटी में यह 91 से 300 वर्ग मीटर के होंगे। सब कुछ ठीक रहा, तो अगले साल प्लॉटों का आवंटन शुरू हो जाएगा और 2025 में कब्जा भी मिलने लगेगा।

न्यू कानपुर सिटी में करीब 10 हजार आवासीय प्लॉट विकसित किए जाएंगे। व्यावसायिक उपयोग, अस्पताल, स्कूल, कालेजों, मॉल, मल्टीप्लेक्स आदि के लिए प्लॉट अलग से होंगे। इस योजना में जमीन खरीदने के लिए शासन ने केडीए को 150 करोड़ रुपये दिए हैं। केडीए बोर्ड ने भी इतनी ही धनराशि इस मद में खर्च करने के लिए स्वीकृति दी है। वहीं बिनगवां में करीब 4000 प्लॉट विकसित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें : ‘हम्प्टी शर्मा’ और ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ के बाद अब ‘दुल्हनिया 3’ से वरुण धवन मचाएंगे धमाल, जानिए- कब शुरू होगी शूटिंग?

मध्यम वर्ग और निम्न मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर विकसित की जाने वाली इस योजना में छोटे प्लाट (ईडब्ल्यूएस और एलआईजी) श्रेणी के सर्वाधिक प्लॉट विकसित किए जाएंगे। कुछ प्लॉट 200 वर्गमीटर के भी होंगे। योजना में सड़क, पार्क, सीवर लाइन, पाइपलाइन, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

28 साल से बहुप्रतीक्षित न्यू कानपुर सिटी योजना विकसित करने के लिए केडीए ने काश्तकारों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 153 हेक्टेयर की इस योजना में भी काश्तकारों को डीएम सर्किल रेट से चार गुना ज्यादा मुआवजा दिया जा रहा है। योजना में शामिल सिंहपुर, हिंदूपुर, गंगपुर चकबदा और संभरपुर गांव के काश्तकारों से जमीन बेचने के लिए सहमतिपत्र लिए जा रहे हैं।

रजिस्ट्री के दौरान केडीए यह धनराशि उनके बैंक खातों में भेजेगा। नए साल की शुरुआत के साथ केडीए काश्तकारों से अपने पक्ष में रजिस्ट्री कराना शुरू करेगा। बिनगवां योजना हमीरपुर रोड में पांडु नदी के पास 50 हेक्टेयर जमीन में योजना विकसित की जा रही है। कुछ जमीन केडीए के पास है और बाकी काश्तकारों से खरीदी जाएगी। इसके लिए सर्किल रेट से चार गुना ज्यादा दाम दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें : निर्दयी मां फोन पर कर रही थी किसी से बात, बच्चे के रोने से हुई डिस्टर्ब, कर दी हत्या

केडीए सचिव शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता वाली कमेटी ने इसके लिए जमीन का सर्वे शुरू कर दिया है। योजना के लिए 100 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी जाएगी। इसमें से 50 करोड़ रुपये शासन ने केडीए को दे दिए हैं, शेष केडीए खर्च करेगा। दोनों योजनाओं में कुल मिलाकर 400 करो़ड़ से जमीन खरीदी जाएगी।

न्यू कानपुर सिटी योजना में जमीन खरीदने के लिए काश्तकारों से सहमति ली जा रही है। सहमति, शपथपत्र दे चुके काश्तकारों से नए साल की शुरूआत में रजिस्ट्री कराई जाएगी। सभी काश्तकारों को संबंधित गांव के डीएम सर्किल रेट से चार गुना ज्यादा मुआवजा दिया जाएगा। इसके बाद वहां विकास कार्य कराकर आवंटन होगा। प्लॉटों के सामने या वहां से अधिकतम 200 मीटर दूर पार्क विकसित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here