हाईलाइट:
- भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी का सिंचाई विभाग के इंजीनियर को हड़काते वीडियो हुआ था वायरल
न्यूजलिंक हिंदी। कानपुर के गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी का सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को हड़काने का वीडियो वायरल होने पर सियासत तेज हो गई है। रविवार को सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने विधायक का वीडियो एक्स पर डालते हुये चुटकी ली है। उन्होंने लिखा कि ‘’इन्हीं की है सरकार, इन्हीं के हैं अधिकारी, जनता को दिखाने के लिए नाटक है जारी’’ वह यही नहीं रुके उन्होंने आगे लिखा कि ‘’पता किया जाए फ़ोन के दूसरी तरफ़ कोई है भी या नहीं।‘’
दरअसल, हलुवाखंडा में सिंचाई विभाग की नहर गुजर रही है। नहर के दोनों तरफ लोगों ने अवैध निर्माण कर कच्चे-पक्के मकान बना लिए हैं। सिंचाई विभाग ने शुक्रवार को 40-50 मकानों पर खाली करने के लिए नोटिस चस्पा किया था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी को दी तो विधायक मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोन करके सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता मनोज सिंह से कहा कि बस्ती गिराने बुलडोजर लेकर आए तो नहर में तुमको और बुलडोजर को घुसेड़ दूंगा। तुम्हारा, तुम्हारी कंपनी और बुलडोजर…तीनों का मैं स्वागत करूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि तुम्हारा एक आदमी यहां दिखना नहीं चाहिए। अगर दिख गया तो समझ लेना फिर। मेरी बात को रिकॉर्ड कर लो, जब मुझसे निपट लेना, तब तुम बस्ती में आना। मोदी- योगी जी लोगों को घर दे रहे, तुम उजाड़ना चाहते हो। विधायक का यह बातचीत का वीडियो वायरल हो गया। जिसपर राजनीति तेज हो गई है। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव ने विधायक का बचाव करते हुये कहा है कि सुरेंद्र मैथानी जन नेता हैं। गरीबों के लिए लड़ते हैं। गरीबों की चिंता करते हैं। गरीब की खुशहाली के लिए लड़ते हैं। उनका जो स्टेटमेंट है, वो सही है। सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जे पर सरकार काम करेगी। नहीं तो दोनों लोग बैठेंगे। क्या सही है ये तय किया जाएगा।
अखिलेश के इस पोस्ट के तुरंत बाद सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि अखिलेश जनता को भ्रमित करने के लिये ऐसा करते हैं। मैं तो कह रहा हूं उस अधिकारी से बात करें। मैथानी ने कहा कि अधिशाषी अभियंता अखिलेश का एजेंट है। मैं उसपर कार्रवाई के लिये लिख रहा हूं।

