CM योगी आदित्यनाथ गुरुवार को काशी पहुंचे। यहां उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम व काशी कोतवाल काल भैरव का दर्शन-पूजन किया। श्रावण मास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण की कामना की। सीएम योगी ने मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मुख्यमंत्री ने काल भैरव मंदिर में भी विधि विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने हेलीकाप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने का बाद सलारपुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री भी उपलब्ध कराया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में विकास परियोजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फेक अकाउंट बनाकर माहौल खराब करने वालों पर पैनी नजर रखें। ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान जद में आने वाले धर्मस्थलों को स्थानीय लोगों से वार्ता कर आसपास उपयुक्त स्थल चिह्नित कर विधि विधान के साथ स्थापित कराएं।


