Ayodhya : भाजपा की यूपी में करारी हार के बाद अखिलेश का हुआ सम्मान, अखिलेश यादव के हाथों में रामलला

0
266

न्यूज़लिंक हिंदी। अखिलेश यादव का लोकसभा चुनाव में जीत के बाद पार्टी कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। जीत के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे सपा अध्यक्ष से मिलने अयोध्या से बालयोगी संत रामदास भी पहुंचे।

उन्होंने अखिलेश यादव को रामनवमी दुपट्टा पहनाया। इसके बाद रामलला की फोटो फ्रेम तस्वीर भी भेंट की। अखिलेश यादव राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के बाद से अब तक रामलला का दर्शन करने नहीं जा पाए हैं। उन्हें रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने भाजपा का कार्यक्रम बताते हुए निमंत्रण ठुकरा दिया।

हालांकि, लोकसभा चुनाव 2024 में फैजाबाद-अयोध्या लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी को सफलता मिली है। सपा उम्मीदवार ने इस सीट पर जीत दर्ज कर हर किसी को चौंका दिया। सोशल मीडिया पर लगातार अयोध्या में समाजवादी पार्टी की जीत के चर्चे हो रहे हैं। इस बीच संत रामदास का लखनऊ आना और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को रामलला की तस्वीर भेंट करना चर्चा का विषय बन गया है।

सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के 37 सांसदों की जीत से उत्साहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं, विधायकों एवं नवनिर्वाचित संसद सदस्यों और बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को पूर्ण बधाई दी। सपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि पार्टी अध्यक्ष की भारतीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

अखिलेश यादव ने इस मौके पर लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी जनता का आभार जताया। उन्होंने लोकसभा चुनावों में जीत के लिए कार्यकर्ताओं के परिश्रम की प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी। अखिलेश ने कहा कि जनता की आशा के अनुरूप परिणाम आया। साथ ही, उन्होंने भाजपा पर अधिकारियों की मिलीभगत से कुछ प्रत्याशियों को हराने का भी पूर्ण आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष ने अयोध्या से समाजवादी पार्टी की जीत का विशेष उल्लेख किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here